प्रदेश में 4000 कांस्टेबल भर्ती परीक्षा स्थगित
भोपाल
मध्य प्रदेश प्रोफेशनल एग्जामिनेश बोर्ड (MPPEB) भोपाल, ने मध्य प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2021 को लेकर, बुधवार 17 मार्च 2021 को जरूरी नोटिफिकेशन जारी किया है। एमपीपीईबी ने राज्य में होने वाली कांस्टेबल सिपाही रेडियो (Constable Radio) और कांस्टेबल जनरल ड्यूटी (Constable GD) की भर्ती परीक्षा को स्थगित कर दिया है। यह फैसला राज्य में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस (COVID-19) के मामलों के कारण लिया गया है।
भर्ती परीक्षा पर 'कोरोना' की मार
एमपीपीईबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी ताजा अपडेट के मुताबिक, राज्य में कोविड-19 के मामलों में एक बार फिर तेजी आई है। जिसकी वजह से राज्य सरकार ने महामारी के संक्रमण को रोकने के लिए रात का कर्फ्यू और जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके अलावा, दूसरे राज्यों से घर लौट रहे लोगों को होम क्वारंटाइन रहने का भी आदेश दिया गया है।
इन 8 शहरों में लगा रात्रि कर्फ्यू
अगले आदेश तक 17 मार्च से भोपाल और इंदौर में रात्रि कर्फ्यू लागू किया जाएगा। आठ शहरों-जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, रतलाम, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, बैतूल, खरगोन में बाजार 17 मार्च से रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक बंद होंगे। बुधवार को 817 संक्रमित नए मामलों के साथ राज्य में कुल केस बढ़कर 2,70,000 पहुंच गया। हालांकि इनमें से 2,61,000 ठीक हुए हैं जबकि 3,891 लोगों की मौत भी हुई है।
करीब 10 लाख उम्मीदवारों की होनी थी परीक्षा
एक रिपोर्टों के अनुसार, लगभग 10 लाख उम्मीदवारों ने एमपी पुलिस के तहत 4000 कांस्टेबल रिक्तियों के लिए आवेदन किया है। इन उम्मीदवारों की भर्ती परीक्षा 06 अप्रैल 2021 से शुरू होने वाली थी। आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, उम्मीदवारों को नई परीक्षा तिथि और एडमिट कार्ड की जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर दी जाएगी।

पाठको की राय